झालावाड़: जिला कलक्टर ने ली आवश्यक सेवाओं की समीक्षा बैठक
उत्साहपूर्वक अपने विभागीय कार्यों एवं योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : जिला कलक्टर
झालावाड़। सभी विभागाध्यक्ष नियमित रूप से उत्साहपूर्वक अपने विभागीय कार्यों एवं योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तो झालावाड़ जिला राज्य में अग्रणी जिला अवश्य बनकर रहेगा। यह बात जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित आवश्यक सेवाओं की समीक्षा बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों से कही। बैठक में सभी विभागों के अन्तर्गत संचालित योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि मानसून ने दस्तक दे दी है तो अब जिले में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बारिश के मौसम में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के निर्देश जलदाय विभाग के अधिकारी को दिए। वहीं मानसून में बिजली के झूलते तारों एवं झुके हुए पोल्स को समय रहते सही कराने के निर्देश जेवीवीएनएल के अधिशाषी अभियंता को दिए जिससे कोई हादसा न हो।
जिला कलक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी राजकीय विद्यालयों के भवनों की जांच करने तथा विद्यालयों में व्यापक साफ-सफाई एवं बच्चों के लिए पीने के स्वच्छ पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में वितरित किए जा रहे एमडीएम की व्यापक जांच करने के निर्देश भी सीडीईओ एवं रसद अधिकारी को दिए।उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अत्याधिक वर्षा के कारण जिले के किसी भी राजकीय भवन एवं कार्यालय में कोई हादसा न हो इसके लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारी को जिले की सभी चिकित्सा संस्थानों में एन्टीएनम सहित अन्य दवाईयों एवं मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने किसानों के लिए डीएपी के स्थान पर यूरिया व एसएसपी की व्यापक उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को दिए।
अधिक से अधिक पौधारोपण के दिए निर्देश जिला कलक्टर ने वन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों से कहा कि मानसून प्रारंभ हो चुका है, यह समय पौधारोपण के लिए सर्वश्रेष्ठ है। सभी विभाग अपनी कार्ययोजना अनुसार जिले में अधिक से अधिक पौधारोपण करें। पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 24 जून से 9 जुलाई तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन कर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविरों में उनके विभागों से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी से अवगत कराते हुए शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने एवं कार्यों की प्रगति को अभियान से संबंधित पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त अभियान में श्रेष्ठ कार्य कर झालावाड़ को राज्य में प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास करें। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि ई-फाइल पेंडेंसी समाप्त करें तथा सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने पशुपालन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सहकारिता विभाग, आरयूआईडीपी, आरएसआरडीसी, रसद एवं शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।