झालावाड़ : जिला गोपालन समिति की बैठक हुई सम्पन्न
झालावाड़। जिला गोपालन समिति की बैठक का आयोजन बुधवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता मंे मिनी सचिवालय में किया गया। बैठक में अन्धे व अपाहिज गौवंश को 3 माह (अगस्त, सितम्बर, अक्टूबर 2024) की अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त करने हेतु श्री कृष्ण गौशाला झालावाड़ का आवेदन प्राप्ती पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रथम चरण (2024-25) के संयुक्त भौतिक सत्यापन के अनुसार 19 बडे़ एवं 6 छोटे गौवंश को तीन माह की अतिरिक्त सहायता राशि 81840 रूपये का अनुमोदन किया गया। तत्पश्चात् वित्तीय वर्ष 2024-25 के द्वितीय चरण (नवम्बर 2024, दिसम्बर 2024, जनवरी 2025, फरवरी 2025, मार्च 2025) की अधिकतम 150 दिवस की सहायता राशि जारी करने के लिए 48 पात्र गौशालाओं में 13698 संधारित गौवंश हेतु 8 करोड़ 19 लाख 65 हजार 400 रूपये की सहायता राशि जारी करने का अनुमोदन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत गौशाला एवं नन्दीशाला की स्थापना हेतु निविदा जारी करने हेतु निर्देश दिये। पूर्व में स्वीकृत 5 ग्राम पंचायत गौशालाओं द्वारा अभी तक कार्य प्रारम्भ नही करने पर उनके विरूद्ध नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू करवाने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर द्वारा पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. टी.ए. बन्सोड को निर्देशित किया गया कि बेसहारा एवं निराश्रित नन्दियों का बधियाकरण अभियान जारी रखते हुए अधिक से अधिक बेसहारा गौवंश को गौशालाओं में आश्रय दिये जाने की कार्यवाही करें। बैठक में प्शुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।