Dark Mode
योगमय हुआ झालावाड़, 1.37 लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग

योगमय हुआ झालावाड़, 1.37 लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग

Jhalawar : झालावाड़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन और व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। जिला मुख्यालय स्थित श्रीमती विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में आयोजित मुख्य समारोह में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस वर्ष का आयोजन ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर केंद्रित रहा, जिसमें बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली बनाए रखने पर जोर दिया गया।

योग दिवस की सबसे खास बात जिलेभर में लोगों की रिकॉर्ड भागीदारी रही। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड सदस्यों, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। खेल संकुल परिसर सुबह से ही योगमय वातावरण में डूबा नजर आया।

भारत सरकार के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार करीब 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। योग विशेषज्ञों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, शलभासन, सेतुबंधासन और शवासन सहित कई योगासन किए। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया।

जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि इस बार योग दिवस को जिले के सभी ब्लॉकों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों तक जनआंदोलन के रूप में पहुंचाया गया, जिससे हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सकी।

कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव ने उपस्थित लोगों को मतदान के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई।

आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। विभाग के अनुसार जिले में कुल 1088 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 1 लाख 37 हजार 104 लोगों ने भाग लेकर नया रिकॉर्ड बनाया।

योग दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

योग दिवस का यह आयोजन जिले में स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक बनकर उभरा। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से लोगों ने निरोगी जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!