झालावाड़ : रोजगार सहायता शिविर 29 अगस्त को
झालावाड़। जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय (मॉडल केरियर सेंटर), झालावाड़ के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर 29 अगस्त को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई टी आई), झालावाड़ में आयोजित किया जायेगा। जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि शिविर में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के विशेष अवसर प्राप्त होंगे। उन्होनें बताया कि इस शिविर में युवाओं को नर्सिंग स्टॉफ, सिक्योरिटी गार्ड, टेलीकॉलर रिक्रुटर, ग्रुप लीडर, सेल्स रिप्रजेंटेटिव, रिलेशनशिप ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, स्टोर असिस्टेंट एवं सेल्स एक्जिक्युटीव आदि पदों पर रोजगार प्रदान करने के लिए निजी कम्पनियों द्वारा चयन किया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण या इससे अधिक, आयु 18 वर्ष से 40 वर्ष निर्धारित है। साथ ही विभिन्न प्रशिक्षण दात्री व ऋणदात्री संस्थानों द्वारा रोजगार-स्व रोजगार प्रशिक्षण और ऋण के लिए आशार्थियों का चयन व मार्गदर्शन दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि रोजगार सहायता शिविर में 10 से अधिक निजी क्षेत्र के नियोजक लगभग 800 से अधिक रिक्तियों पर भर्ती करेगें। शिविर में एग्रीकल्चर, टेक्नीकल, फाइनेंस, बीमा, चिकित्सा सिक्योरिटी आदि सर्विस सेक्टर से संबंधित कम्पनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होगें।