झालावाड़ : राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न
झालावाड़। राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित राजस्व संबंधी प्रकरणों के निस्तारण में देरी ना करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवादी द्वारा की गई शिकायत का निस्तारण समयबद्ध रूप से करते हुए परिवादी को राहत पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी चारागाह एवं सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की सूचना मिलने पर तुरन्त जांच कर बिना किसी देरी के उसे हटवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने उपखण्ड स्तर पर कोर्ट के प्रकरणों के संदर्भ में निर्देश देते हुए कहा कि कम से कम समय में ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया जाए ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। जिला कलक्टर ने कहा कि वर्तमान में अधिक वर्षा के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान की गिरदावरी के कार्य में कोई कोताही ने बरतें। उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गिरदावरी के कार्य में लापरवाही करने वाले तहसीलदार व पटवारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाए। इस दौरान जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निर्धारित समय में निस्तारण करने के भी निर्देश सभी राजस्व अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिला कलक्टर ने भूमि अवाप्ति के मामलों, नामान्तरण, इजराय, रोड़ा एक्ट, पीडीआर एक्ट, एलआर एक्ट, धारा 251, धारा 251ए, धारा 136, म्यूटिशन, गैर खातेदारी से खातेदारी के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश समस्त राजस्व अधिकारियों को दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक चारण, उपखण्ड अधिकारी भवानीमण्डी श्रृद्धा गोमे सहित सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।