जोधपुर: सेवा पखवाड़ा में हस्तशिल्प एवं खादी प्रदर्शनी का आगाज़, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए "वोकल फॉर लोकल" पहल
प्रदर्शनी आगामी 2 अक्टूबर 2025 तक रहेगी
जोधपुर। सेवा पखवाड़ा के अन्तर्गत जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र तथा राजस्थान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में हस्तशिल्प एवं खादी प्रदर्शनी का आयोजन मिनी उद्योग भवन परिसर, न्यू पावर हाउस रोड, जोधपुर में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन लघु उद्योग भारती के प्रान्तीय अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा ने महासचिव श्री सुरेश कुमार विष्णोई की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर श्री पंकज भण्डारी, श्री दीपक माथुर, श्री राकेश चोरडिया सहित अनेक वरिष्ठ उद्यमी उपस्थित रहे।
स्थानीय कला और उत्पाद बने आकर्षण का केन्द्र
प्रदर्शनी में सिंधी एम्ब्रॉयडरी, पेच वर्क, सालावास दरी, जोधपुरी बंधेज, जोधपुरी मोजड़ी, विभिन्न चर्म उत्पादों के साथ-साथ खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पाद आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। यह आयोजन 28 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।
नागरिकों से प्रदर्शनी में पहुँचने का आह्वान
महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, श्री एस.एल. पालीवाल ने जोधपुरवासियों से अपील की कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन करें और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।
‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की दिशा में अहम कदम
यह आयोजन ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें न केवल विविध हस्तशिल्प और खादी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है, बल्कि नागरिकों को सीधे दस्तकारों और कारीगरों से संवाद व क्रय का अवसर भी उपलब्ध हो रहा है।