जोधपुर: राज्य सरकार की पहल पर पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक सृजन पखवाड़े का आयोजन
जोधपुर में 17 से 19 सितम्बर तक राष्ट्रीय लोकनृत्य समारोह का होगा भव्य आगाज़
जोधपुर। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को मूर्त रूप देने और राजस्थान सरकार की सांस्कृतिक सोच को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में “सांस्कृतिक सृजन पखवाड़ा” का आयोजन 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक विविध कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर के सचिव श्री शरद व्यास ने जानकारी दी कि इस विशेष पखवाड़े में प्रदेश की सभी अकादमियों की सहभागिता से 75 से अधिक सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार की दूरदृष्टि का प्रतीक है, जिसके जरिए लोक कलाकारों को सशक्त मंच मिलेगा और राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान प्रदान होगी। श्री व्यास ने बताया कि इस अवधि में लोक एवं शास्त्रीय कला को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ राज्य के प्रमुख पुरातात्विक स्थलों पर विशेष प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। इससे न केवल कला और कलाकारों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि विरासत स्थलों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को भी नई गति मिलेगी। इसी क्रम में जोधपुर जिला प्रशासन, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (उदयपुर), उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (पटियाला) एवं उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (प्रयागराज) के सहयोग से 17 से 19 सितम्बर तक सम्राट अशोक उद्यान स्थित एंफीथियेटर में राष्ट्रीय लोक नृत्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर की विविध लोकनृत्य शैलियों की प्रस्तुतियाँ होंगी, जो दर्शकों को भारतीय लोक संस्कृति की विशालता और रंग-बिरंगी परंपरा का अनुभव कराएँगी। संभागीय आयुक्त एवं राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर की प्रशासक डॉ. प्रतिभा सिंह ने जोधपुरवासियों, कला-प्रेमियों और संस्कृति से जुड़े सभी नागरिकों से इस महोत्सव में शामिल होकर राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और कलाकारों की अनुपम प्रतिभा का उत्सव मनाने का आह्वान किया है।