जोधपुर : अग्रवाल पंचायत जोधपुर में आज महाप्रसादी एवं पारितोषिक वितरण समारोह
- समाज की एकता और उत्सव का प्रतीक बनेगा आयोजन
जोधपुर। अग्रवाल पंचायत जोधपुर की ओर से रविवार, 5 अक्टूबर को आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर (कमला नेहरू नगर) में भव्य महाप्रसादी एवं पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सायं 6 बजे से प्रारंभ होगा।
40 दिनों से चल रही प्रतियोगिताओं का होगा समापन- पिछले 40 दिनों से समाज में विभिन्न सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही थीं। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा और पारितोषिक प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में होंगे विशिष्ट अतिथि- इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश मनोज गर्ग, जोधपुर जिलाधीश गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विनीत बंसल और अग्रभामाशाह गौरीशंकर बंसल उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नंदकिशोर जालानी और आनंद सिंहल अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएँगे।
अतिथियों का होगा सम्मान- पंचायत अध्यक्ष मुकुल गुप्ता और सचिव अनिल अग्रवाल के अनुसार अतिथियों का स्वागत दुपट्टा एवं पुष्पमाला पहनाकर किया जाएगा, जबकि समाज के वरिष्ठजन स्मृति चिन्ह भेंट करेंगे।
5 हजार से अधिक लोग लेंगे भाग- समारोह में सैकड़ों अग्रबंधु सम्मिलित होंगे और लगभग पाँच हजार से अधिक अग्रबंधुओं की उपस्थिति की संभावना है। महाप्रसादी कार्यक्रम की विशेषता होगी, जिसमें समरसता और भाईचारे का संदेश समाज तक पहुँचेगा।
समाज का उद्देश्य: सादगी और सेवा भावना का प्रसार- महोत्सव संयोजक चमन अग्रवाल के अनुसार, अग्रवाल समाज का उद्देश्य समाज में एकता, सादगी और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। समाज ने संकल्प लिया है कि शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में फिजूलखर्ची पर रोक लगाई जाएगी और सादगीपूर्ण आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
तैयारियां पूरी- इस विराट आयोजन को सफल बनाने में संयोजक मंडल और समाज के विभिन्न संगठनों का सहयोग रहा है। सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग में कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्याप्त है।