जोधपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर की मासिक बैठक सम्पन्न
नि:शुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, जागरूकता एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुआ मंथन
जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एक्शन प्लान की अनुपालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला की मासिक गतिविधियों एवं क्रियाकलापों के संचालन हेतु मंगलवार को प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सत्र न्यायाधीश), जोधपुर जिला पूरण कुमार शर्मा ने की। बैठक के संबंध में सचिव डॉ. मनीष हरजाई ने बताया कि बैठक में प्राधिकरण द्वारा आयोजित की जाने वाली विविध मासिक गतिविधियों, प्राप्त नि:शुल्क विधिक सहायता आवेदन-पत्रों पर अधिवक्ताओं की नियुक्ति, नियुक्त अधिवक्ताओं को मानदेय, राजीनामा योग्य लंबित प्रकरणों में मध्यस्थता की प्रक्रिया, विधिक जागरूकता कार्यक्रमों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर गौरव अग्रवाल (जिला कलेक्टर, जोधपुर), राममूर्ति जोशी (जिला पुलिस अधीक्षक, जोधपुर ग्रामीण), करूणा शर्मा (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट), रतनाराम ठोलिया (अध्यक्ष, एडवोकेट एसोसिएशन, जोधपुर) तथा चैनसिंह गहलोत (लोक अभियोजक, जोधपुर) बैठक में उपस्थित रहे।