Dark Mode
जोधपुर : गांधी जयंती पर  समाज कल्याण सप्ताह का आगाज़

जोधपुर : गांधी जयंती पर  समाज कल्याण सप्ताह का आगाज़

  • महिला, बालिका, वृद्ध और विशेष योग्यजन कल्याण पर रहेगा फोकस
  • 7 दिन, 7 थीमसमाज कल्याण सप्ताह की अनूठी श्रृंखला

जोधपुर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर समाज कल्याण सप्ताह-2025 के अंतर्गत अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ओलंपिक रोड, जोधपुर में संभागीय आयुक्त डॉ. (श्रीमती) प्रतिभा सिंह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

सर्वधर्म प्रार्थना और गांधीजी के प्रिय भजन से हुआ आगाज़- समारोह की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुई, जिसके पश्चात् नेत्रहीन विद्यालय कमला नेहरू नगर के छात्र-छात्राओं ने गांधीजी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने वातावरण को गांधीवादी विचारधारा और राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री अनिल व्यास ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में सहायक निदेशक श्री मगराज कटारिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री कमल किशोर, अधीक्षक नारी निकेतन श्रीमती रेखा शेखावत, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री ओम पाल सिंह, श्री शिकुनराम फिड़ोदा, सुश्री दीपिका विश्नोई तथा गांधीवादी विचारक श्री सत्यनारायण गौड़ सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समाज कल्याण सप्ताह की रूपरेखा- संयुक्त निदेशक श्री अनिल व्यास ने बताया कि समाज कल्याण सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, विशेष योग्यजन, महिलाओं और बच्चों को योजनाओं से लाभान्वित करना और समाज में फैली बुराइयों एवं कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरण करना है। उन्होंने बताया कि सप्ताह के अंतर्गत 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, 2 अक्टूबर को अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस, 3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस, 4 अक्टूबर को बाल दिवस, 5 अक्टूबर को महिला एवं बालिका कल्याण दिवस, 6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस तथा 7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस मनाया जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!