जोधपुर: सखी वन स्टॉप सेंटर तथा केंद्रीय कारागृह का किया आकस्मिक निरीक्षण
जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के एक्शन प्लान में प्रदत्त निर्देशों की पालना में व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), जोधपुर महानगर श्री अजय शर्मा, के निर्देशानुसार गुरूवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर महानगर के सचिव श्री राकेश रामावत द्वारा सखी वन स्टॉप सेन्टर, जोधपुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस सेंटर में प्रवेशित होने वाली महिलाओं के केस रजिस्टर का अवलोकन कर विधिक सहायता की इच्छुक महिलाओं को उचित विधिक सहायता आवश्यक रूप से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये तथा उनके भोजन, चिकित्सा, उनके रहन-सहन, साफ-सफाई व अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच पड़ताल कर सेंटर के कार्मिक को साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने बाबत् भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। इसी के साथ ही सचिव श्री राकेश रामावत द्वारा गुरूवार को केंद्रीय कारागृह, जोधपुर का औचक साप्ताहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रिजन लीगल एड क्लिनिक की कार्य प्रणाली की जांच की गई तथा साथ ही निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध करवाये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, उनके स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा सहित अन्य समस्त आधारभूत सुविधाओं की जांच पड़ताल की। दौराने निरीक्षण बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया गया तथा बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए उपस्थित अधीक्षक को आवश्यक निर्देश प्रदान किये गये।