जोधपुर : सरकार बदलने पर नहीं रुकने चाहिए काम: गहलोत
जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार शाम को मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की 42वी कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके उद्यमियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती है लेकिन कभी काम रुकना नहीं चाहिए। उससे पब्लिक परेशान होती है। सरकार बदलती है यह डेमोक्रेसी है। उन्होंने कहा कि वह तीन बार मुख्यमंत्री बने जिसमें वसुंधरा राजे, भैरोसिंह शेखावत के कार्यकाल के समय के कोई काम नहीं रोके, लेकिन ये लोग जब आते हैं तो हमारे कार्यकाल का यदि कोई भी एक काम भूल चूक से भी रह जाता है तो उसे बंद कर देते हैं। ये सोच में फर्क है। हम लोग सरकार बदल जाती है तो बदले की भावना नहीं रखते हैं लेकिन यह लोग देखते हैं कि पड़ोस में कौन रहता है। कोई कांग्रेसी है क्या। पहले ट्रांसफर कर उसे यहां से भगाओ। उन्होंने कहा कि अभी तो देश में ध्रुवीकरण चल रहा है। देश किस तरफ जाएगा यह तो वक्त बताएगा। देश और दुनिया के अंदर जो हालात है उस पर हर नागरिक को चिंतन मनन करना पड़ेगा। उन्होंने राइजिंग राजस्थान को लेकर कहा कि उसे समय सरकार ने कहा कि 35 लाख करोड़ के एमओयू किए गए लेकिन एमओयू साइन हुए अब उसको लेकर खबरें सामने आने लगी है। जबकि हमने सरकार को उस समय भी कहा कि ये धरातल पर आए तो बेहतर है।