चार वर्षों से घुटनों के दर्द से परेशान जोगिन्दर कौर को मिला उपचार
नि:शुल्क आपरेशन के लिए चिरंजीवी योजना व मुख्यमंत्री का जताया आभार
हनुमानगढ़। जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ दिलाने एवं इलाज के दौरान खर्च होने वाली भारी-भरकम राशि से छुटकारा दिलाने हेतु राज्य सरकार की महत्वपूर्ण एवं फ्लैगशिप योजना मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी चाहर ने बताया कि पैसों के अभाव में कई वर्षों से तकलीफ के साथ रह रहे आमजन को अब योजना के तहत निशुल्क इलाज से न केवल उन्हें रोग से मुक्ति मिली, बल्कि इलाज में लगने वाले भारी-भरकम खर्चे का प्रबंध करने की चिंताओं को भी सरकार की इस योजना ने हर लिया। जहां पहले निशुल्क इलाज के लिए केवल राजकीय चिकित्सालय में ही जाना पड़ता था, चिरंजीवी योजना के आने से न केवल सरकारी ही नहीं, अपितु उच्च गुणवत्ता वाले निजी अस्पतालों में भी अब निशुल्क उपचार उपलब्ध हो रहा है।
डॉ. चाहर ने बताया कि हनुमानगढ़ के जण्डावाला की रहनी वाली 66 वर्षीय श्रीमती जोगिन्दर कौर भी पिछले चार वर्षों से घुटनों के दर्द से पीडि़त थी। लम्बे अंतराल से हो रहे घुटनों के दर्द में बढ़ोतरी हो रही थी। ऐसे में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत उन्होंने हनुमानगढ़ के निजी अस्पताल में इलाज के लिए सम्पर्क किया। स्वास्थ्य जांच के लिए बाद उन्हें गत 17 मार्च 2023 को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसी दिन उनके घुटनों का आपरेशन किया गया। आपरेशन के बाद उन्हें तीन दिन अस्पताल में भर्ती रखा गया। श्रीमती जोगिन्दर कौर के घुटनों का दर्द अब बिलकुल ठीक हो चुका है। उन्हें 20 मार्च को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई। श्रीमती जोगिन्दर कौर ने बताया कि घुटना प्रत्यारोपण के लिए निजी अस्पताल में लगभग एक लाख रुपए का खर्च आता है जबकि चिरंजीवी योजना की वजह उनका एक भी रुपया आपरेशन पर नहीं लगा। उन्होंने चिरंजीवी योजना एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि श्रीमती जोगिन्दर कौर के ऑपरेशन पर 88 हजार रुपए का खर्च आया, जो राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।