विवेकानंद स्कूल,गुहाला में जूनियर्स ने सीनियर्स का किया विदाई अभिनन्दन
गुहाला. कस्बे की हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में संचालित विवेकानंद शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कक्षा-12वीं के छात्र-छात्राओं का फेयरवेल पार्टी आयोजित कर विदाई अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा-11वीं के छात्र-छात्राओं ने कक्षा-12वीं के विद्यार्थियों का अपने करकमलों द्वारा तिलकार्चन एवं उपहार भेंटकर उनका विदाई अभिनन्दन किया। संस्था निदेशक महेंद्र चेजारा ने फेयरवेल पार्टी की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शिक्षा से ही अच्छे संस्कारों का उद्भव संभव है और हर विद्यार्थी का परिचय उसके अनुशासन, बोल-चाल की भाषा, किये गए आदर-सम्मान तथा उसके द्वारा अपनाये गए व्यवहार से होता है। उन्होंने कहा कि यहां से विद्यालय की अंतिम कक्षा में पढ़ने के बाद भी आपकी संस्था के द्वार 24 घण्टे आपके मार्गदर्शन के लिए खुले मिलेंगे, क्योंकि आप हमारे हैं और हम आपके हैं।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था निदेशक महेंद्र चेजारा, मुख्य अतिथि गिरधारीलाल पालीवाल एवं हरिराम ने मां सरस्वती की तस्वीर के सामने दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। कक्षा-12वीं छात्राओं द्वारा मां सरस्वती की वंदना की गई और स्वागत गायन के द्वारा आगन्तुक अतिथियों का स्वागत-सम्मान भी किया।
संस्था के प्रधानाचार्य तेजपाल सैनी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि शानदार सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने की महत्ती आवश्यकता होती है। वर्तमान समय में हर विद्यार्थी को अपना बेहतरीन परिणाम दिखाने के लिए कड़ी तपस्या करने की दरकार है। अतः हर विद्यार्थी को एकाग्रचित्त होकर अपने अध्ययन के प्रति समर्पित होना पड़ेगा। बिना समर्पित भाव से बेहतरीन परिणाम प्राप्त करना अंसभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा रूपी एक ऐसा हथियार होता है जिसके माध्यम से दुनिया की तकदीर और तस्वीर को बदला जा सकता है।
कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राजस्थानी गानों पर विद्यालय की होनहार प्रतिभाओं ने थिरकते हुए फेयरवेल पार्टी का आनन्द लिया। कक्षा-11 एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने संबोधित करते हुए विद्यालय अनुशासन, शिक्षक टीम एवं यहां के शांत वातावरण की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए विद्यालय में बताये गए महत्वपूर्ण तथ्यों को याद रखते जीवन में आगे बढ़ने हेतु अपने आपको कृतसंकल्पित किया।
इस अवसर पर मंचस्थ अतिथियों के अतिरिक्त कैलाश लूनिवाल, शिवदानसिंह, अजय अग्रवाल, वेदप्रकाश, प्रेमपाल रांगेरा, विष्णु, गौरव ने भी संबोधित कर बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के गुर सिखाए।