गोरखपुर में चार दिन तक लगेगा कबड्डी का कुंभ
लखनऊ। ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की स्मृति में गोरखपुर में चार दिन तक कबड्डी का कुंभ लगेगा। एक से चार दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश की नामचीन 12 टीमें हिस्सा लेंगी। विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप दो लाख रुपये, उपविजेता को एक लाख रुपये पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा दो टीमों को 50-50 हजार रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। उत्तर प्रदेश खेल विभाग के तत्वावधान में गोरखपुर के रीजनल स्टेडियम में पहली से चार दिसंबर तक ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की स्मृति में अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का छठवां संस्करण होगा। प्रतियोगिता 2018 से अनवरत चल रही है। छठवें संस्करण का शुभारंभ पहली दिसंबर को प्रदेश सरकार के खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद यादव करेंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।