केजरीवाल ने तीसरी बार विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया
-
दावा- भाजपा मुझे गिरफ्तार करवा सकती है, विधायकों को 25-25 करोड़ का ऑफर दिया
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में तीसरी बार विश्वास प्रस्ताव पेश किया। इस पर 17 फरवरी को चर्चा होगी। इसी दिन केजरीवाल को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में भी पेश होना है। शराब घोटाले में ED ने 5 समन के बाद भी केजरीवाल के पेश नहीं होने पर कोर्ट में याचिका लगाई थी। इस पर 14 फरवरी को कोर्ट ने केजरीवाल को समन जारी करते हुए 17 फरवरी को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया था। कोर्ट के निर्देश के फौरन बाद ED ने केजरीवाल को छठा समन जारी किया और 19 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है। गिरफ्तारी की अटकलों के बीच केजरीवाल ने आज विश्वास प्रस्ताव पेश किया है। स्पीकर राम निवास गोयल ने विश्वास प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद सदन को स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि शनिवार को इस विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। केजरीवाल ने इससे पहले मार्च 2023 और अगस्त 2022 में विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
मेरे विधायकों से कहा गया- मुझे गिरफ्तार किया जाएगा
विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करते हुए केजरीवाल ने कहा- भाजपा दिल्ली में ऑपरेशन लोटस चला रही है। हमारी पार्टी के 2 विधायकों से उन्होंने संपर्क किया और दावा किया कि केजरीवाल को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों विधायकों को भाजपा के लोगों ने कहा कि AAP के 21 अन्य विधायक उनके संपर्क में हैं और पार्टी छोड़ने को तैयार हैं। उन्हें 25-25 करोड़ रुपए ऑफर किए गए हैं। हालांकि, हमने जब विधायकों से पूछताछ की तो हमें पता चला कि उन्होंने 7 विधायकों से संपर्क किया है। विश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए केजरीवाल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर AAP नेताओं को झूठे केस में फंसाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा- ये लोग शराब घोटाले की आड़ में गिरफ्तारी करके दिल्ली की सरकार गिराना चाहते हैं। हम बताना चाहते हैं कि इनकी इतनी कोशिशों के बावजूद हमारा एक भी MLA नहीं टूटा है। हमारे सारे विधायक एकजुट हैं।
भाजपा के 7 विधायक सस्पेंड
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने शुक्रवार को सदन से भाजपा के 8 में से 7 विधायकों को बजट सेशन से सस्पेंड कर दिया। इसमें नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी भी शामिल हैं। स्पीकर ने कहा कि सस्पेंड किए गए विधायकों ने एक दिन पहले गुरुवार को LG के अभिभाषण को रोकने की कोशिश की थी। वे चाहते थे कि केजरीवाल पर जुबानी हमला किया जाए।