सागर शराब कांड पर खड़गे का हमला, BJP सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सागर की घटना सरकारी लापरवाही और व्यवस्था की गंभीर विफलता को दिखाती है।
खड़गे के मुताबिक, जहरीली शराब पीने से सागर में 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग अब भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से 31 परिवारों ने अपने सदस्य खो दिए। किसी परिवार ने बेटा, किसी ने पिता और किसी ने पति खोया है, लेकिन सरकार की ओर से इसे केवल एक और हादसे की तरह देखा जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान में मध्य प्रदेश में हुई अन्य घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बालाघाट में 27 से ज्यादा बच्चों की मौत का दावा करते हुए कहा कि इस मामले में हाईकोर्ट को सरकार को फटकार लगानी पड़ी थी। खड़गे के अनुसार, घटना के एक महीने बाद तक सरकार सर्वे रिपोर्ट का इंतजार करती रही।
उन्होंने इंदौर में दूषित पानी से 36 लोगों की मौत और जहरीली कफ सिरप से 25 बच्चों की मौत का भी उल्लेख किया। इसके अलावा सीधी में एक साल के दौरान 53 प्रसूताओं की मौत का दावा करते हुए उन्होंने सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए।
खड़गे ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में पिछले कई वर्षों से ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन जिम्मेदारी तय करने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते। उन्होंने कहा कि जहर शराब में हो, पानी में हो या दवा में, हर स्थिति में इसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिस सरकार को जनता की सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए, वह जिम्मेदारी लेने से बचती नजर आ रही है। उन्होंने 'डबल इंजन सरकार' पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही से दोगुनी रफ्तार से दूर भाग रही है।
खड़गे ने यह भी आरोप लगाया कि जब आम लोग अपनी समस्याओं और न्याय की मांग को लेकर आवाज उठाते हैं तो उन्हें सुनने के बजाय वाटर कैनन और आंसू गैस का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि केंद्र से लेकर भाजपा शासित राज्यों तक जवाबदेही तय नहीं होती और दोषियों को सजा नहीं मिलती।
कांग्रेस अध्यक्ष के इन आरोपों के बाद सागर की शराब त्रासदी को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में सियासी टकराव और बढ़ने के आसार हैं। कांग्रेस लगातार इस मामले में सरकार से जवाबदेही तय करने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग कर रही है।