कोटा: कोटा जिले में अभी तक 26 लाख पौधे लगाए
कोटा। हरियालो राजस्थान वृक्षारोपण महाभियान’ के तहत कोटा जिले में अभी तक 26 लाख पौधे लगाए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से वन विभाग द्वारा 6.49 लाख, जिला परिषद द्वारा 4 लाख, नगर निगम उत्तर एवं दक्षिण द्वारा 4.66 लाख, शिक्षा विभाग द्वारा 3.74 लाख, कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा 1.95 लाख पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा तय लक्ष्यों के अनुसार पौधे लगाए जा रहे हैं। 2 हजार वृक्ष मित्र तैयार होंगे राज्य सरकार वृक्ष मित्र योजना भी चला रही है। 200 पौधे लगाने वाले को वृक्ष मित्र का दर्जा दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में 2 हजार वृक्ष मित्र बनाए जा रहे हैं जिन्हें मानदेय भी मिलेगा। इसके साथ ही हर जिले में आमजन की सहभागिता से मातृ वन विकसित किए जा रहे हैं। लोग जन्मदिवस, सालगिरह या स्मृति स्वरूप पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ रहे हैं। पौधों की क्षेत्रीय अनुकूलता पर जोर राज्य सरकार पौधों का अधिकतम सर्वाइवल सुनिश्चित करने के लिए जलवायु और मिट्टी की अनुकूलता को प्राथमिकता दे रही है। इससे पौधों के जीवित रहने और वृक्ष बनने की संभावना अधिक बढ़ी है। जियो टैगिंग से हो रही निगरानी अभियान की पारदर्शिता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए हरियालो राजस्थान मोबाइल एप तैयार किया गया है। इस एप के माध्यम से लगाए गए प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग की जा रही है, ताकि उसकी सुरक्षा और संवर्धन पर सतत निगरानी रखी जा सके। जनआंदोलन बन रहा है अभियान राज्य सरकार के प्रयास से यह अभियान सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनआंदोलन बन गया है। नदियों और तालाबों के किनारों, औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास, विद्यालयों, अस्पतालों तथा नगरीय क्षेत्रों में पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है। सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान आमजन से सीधा जुड़ रहा है। हरित भविष्य की ओर कदम पौधे को लगाने से लेकर उन्हें वृक्ष बनने तक सहेजने का संकल्प श्री भजनलाल शर्मा की पर्यावरणीय सोच को दर्शाता है। यह पहल राजस्थान को हरित और समृद्ध भविष्य की ओर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगी।