कोटा: कलक्टर पीयूष समारिया ने पर्यटन विभाग कार्यालय का किया निरीक्षण
कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट की तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कोटा। आगामी कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में मंगलवार को कलक्टर पीयूष समारिया ने पर्यटन विभाग के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक पर्यटन विभाग विकास पंड्या एवं सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव द्वारा विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी जिला कलक्टर को दी गई। निरीक्षण के दौरान कलक्टर पीयूष समारिया ने निर्देश दिए कि ट्रैवल मार्ट के दौरान आने वाले पर्यटकों, व्यवसायियों एवं निवेशकों को कोटा एवं हाड़ोती क्षेत्र से संबंधित समस्त आवश्यक जानकारी, आकर्षक प्रचार सामग्री तथा समुचित मार्गदर्शन सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग यह सुनिश्चित करे कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आगंतुक को कोटा की पर्यटन संभावनाओं, निवेश अवसरों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी सहज एवं प्रभावी ढंग से प्राप्त हो। कलक्टर ने कहा कि कोटा में वैश्विक स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अनेक महत्वपूर्ण और आकर्षक पर्यटन स्थल उपलब्ध हैं। ऐसे में पर्यटन विभाग की यह जिम्मेदारी है कि देशी एवं विदेशी पर्यटकों तक कोटा के सौंदर्य, पर्यटन स्थलों एवं यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से पहुंचाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफार्म्स के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इन माध्यमों से कोटा के पर्यटन स्थलों, आवास सुविधाओं, संपर्क मार्गों तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का व्यापक प्रचार किया जाए। कलक्टर पीयूष समारिया ने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट केवल पर्यटन को बढ़ावा देने का मंच नहीं है, बल्कि यह कोटा को पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रैवल मार्ट की तैयारियों को लेकर पर्यटन विभाग अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करे, ताकि कोटा में विद्यमान अपार पर्यटन संभावनाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा सके और यह आयोजन पूर्ण रूप से सफल हो।