कोटा: गांवों की स्वच्छता पर जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी का सख्त रुख
दीपावली से पहले गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन हुआ सक्रिय
कोटा। दीपावली पर्व से पूर्व ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कार्यों की गति तेज करने के उद्देश्य से जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल कुमार मीणा ने शनिवार को ग्राम पंचायत अलनिया, कसार एवं मण्डाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चल रहे सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों को असंतोषजनक पाते हुए जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया तो संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। विकास अधिकारी लाडपुरा शैलेश रंजन को निर्देश दिए गए कि सभी ग्राम पंचायतों में दीपावली से पूर्व व्यापक सफाई कार्यों की नियमित समीक्षा करें और गांवों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के लिए ठोस कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों से कचरा समय पर हटाकर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छता अभियान का वास्तविक प्रभाव ग्रामीण परिवेश में दिखाई दे। जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम पंचायत के कार्मिकों को भी निर्देशित किया कि वे सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों की सहभागिता से अभियान को सफल बनाएं, जिससे दीपावली पर गांवों की छवि स्वच्छ और सुंदर रूप में निखरे। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के सदस्य, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे।