कोटा : आंगनबाड़ी भवनों का निरीक्षण कर दें रिपोर्ट-एडीएम सीलिंग
कोटा। समेकित बाल विकास सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित जिला अभिसरण समिति की बैठक गुरुवार को एडीएम सीलिंग कृष्णा शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी आंगनबाड़ी भवनों का निरीक्षण कर जांचें कि वे सुरक्षित हैं या नहीं। एडीएम सीलिंग ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी के स्वयं के, विद्यालयों या अन्य राजकीय भवनों में एवं निजी भवनों में संचालित सभी केन्द्रों का संयुक्त दल द्वारा निरीक्षण कराया जाए जिसमें तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल हों। जर्जर पाए जाने वाले भवनों को चिन्हित एवं सूचीबद्ध कर अवगत कराया जाए। यह कार्य प्राथमिकता से अतिशीघ्र पूरा किया जाए।
सेवाओं में गुणवत्ता पर रखें निगरानी- समेकित बाल विकास सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और पर्यवेक्षण हेतु गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में एडीएम सीलिंग ने निर्देश दिए कि निरंतर निरीक्षण कर सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। पोषाहार की समय-समय पर जांच करते हुए इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। बैठक में उप निदेशक आईसीडीएस सीता शर्मा एवं सीडीपीओ आलोक शर्मा ने विभागीय गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी।