कोटा : पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े के तहत हुए कई कार्यक्रम
- लोकसभा अध्यक्ष ने नमो स्वास्थ्य जांच एवं सुपोषण शिविर का किया शुभारंभ
- स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों ने की सफाई
कोटा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने थेकड़ा में नमो स्वास्थ्य जांच एवं सुपोषण शिविर और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित किए। श्री बिरला ने कहा कि यह पहल मातृ और शिशु स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान का अवसर देगी। इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों की जांच कर कैंसर, एनीमिया, तपेदिक और सिकल सेल जैसी बीमारियों की समय पर पहचान होगी। साथ ही पोषण सुधार, मोटापा रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष श्री राकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार प्रातः लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने शक्तिनगर वार्ड संख्या 2 में क्षेत्रवासियों के साथ स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया ने भी सफाई की।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ- लोकसभा अध्यक्ष श्री बिरला ने सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जीएमए प्लाज़ा में विशाल रक्तदान शिविर का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित यह शिविर उनके जीवन दर्शन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सेवा पखवाड़े के तहत जिला कलेक्ट्रेट स्थित पार्क में जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया, एडीएम सीलिंग श्रीमती कृष्णा शुक्ला एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने की सफाई की। विभिन्न विभागों के कार्यालय परिसरों में भी अधिकारियों-कर्मचारियों ने सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।