विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर हुआ खींचन में कुरंजा महोत्सव 2024 का आयोजन
फलोदी। विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन, वन विभाग एवं बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के संयुक्त तत्वाधान में कुरंजा महोत्सव 2024 के अन्तर्गत कुरंजा संरक्षण जागरूकता रैली एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खींचन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जागरूकता रैली प्रातः 9 बजे पक्षी चुग्गा घर से शुरू होकर विजय सागर तालाब, रातडी नाड़ी होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खींचन में संपन्न हुई। जहां मुख्य अतिथि जिला कलक्टर हरजीलाल अटल एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा की अध्यक्षता में सम्मान समारोह का आगाज मां सरस्वती का माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अटल एवं मीणा ने गुरुवार को विभिन्न विद्यालयों में हुई चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं और दस से अधिक कुरंजा प्रेमियों को संरक्षण में विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। पशु चिकित्सक डॉ भागीरथ सोनी व पक्षीप्रेमी सेवाराम माली को "संरक्षण नायक" पुरुस्कार से सम्मानित किया गया।
जिला कलक्टर अटल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत सरकार द्वारा घोषित खींचन महत्वपूर्ण बर्ड क्षेत्र (आईबीए) है, अतः हम सब की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कुरंजा का अनुशासन , मेहनत व परिश्रम हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है उसका लयबद्ध गति , तारतम्य विचरण इस मेहनतकश और सुंदर पक्षी का कलरव हम सबको प्रेरित करता है। अटल ने कहा कि जनसहयोग व आम भागीदारी कुरंजा संरक्षण के लिए अतिमहत्वपूर्ण है। कुरजा क्षेत्र में पतंगबाजी न करें - अटल ने कहा कज पतंग उड़ाते समय चाइनीज मांझा का उपयोग नहीं करने का आग्रह करते हुए इस प्रतिबंध मांझा के बेचने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने कुरजा क्षेत्र में हो सके तो पतंगबाजी ही न करने की सलाह दी ताकि कुरजा स्वछंद विचरण कर सके।
साफ सफाई के दिये निर्देश-
जिला कलक्टर अटल ने प्रशासन को चुग्गा घर, तालाब, कुरंजा विचरण क्षेत्र में साफ-सफाई, विलायती बबूल उन्मूलन अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि संरक्षण से इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा जिसे रोजगार भी उत्पन्न होगा । उन्होंने ग्रामीण एवं पंचायती राज विभाग को इस क्षेत्र की साफ सफाई पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना बनाने को कहा। अंत में अटल ने विश्व वेटलैंड दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।
ये सभी रहे कार्यक्रम के सहभागी-
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी फलोदी डॉ अर्चना व्यास, तहसीलदार डॉ भावना सांखला, उपनिदेशक पशुपालन विभाग भागीरथ सोनी, सहायक वन संरक्षक कृष्ण कुमार व्यास, प्राचार्य बद्रीनारायण डारा, पक्षी प्रेमी सेवाराम, बीएनएचएस के सहायक निदेशक डॉ सुधीर शिवाजी नरवडे, कार्यक्रम अधिकारी डॉ नीलकंठ बोरा एवं नंदकिशोर , ग्रामवासी, विद्यार्थीगण व पक्षी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।