राजकीय महाविद्यालय मे व्याख्यानमाला का आयोजन
जमवारामगढ़ .राजकीय महाविद्यालय जमवारामगढ़ मे गुरूवार दिनांक 4 जनवरी को राजस्थान राज्य महिला नीति के तहत व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। व्याख्यान माला के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय प्रोफेसर डॉ नीतू माथुर ने छात्राओं को राजस्थान मिलेट प्रोत्साहन मिशन की जानकारी देते हुए बताया की सरकार द्वारा मोटे अनाज के उत्पादन में वृद्धि तथा घरेलू खपत को बढ़ावा देने के लिए 2022-23 में यह मिशन प्रारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष घोषित किया है। किसानों को मोटे अनाज जैसे बाजरा,ज्वार,राई आदि की खेती हेतु प्रोत्साहित करने तथा उनके संवर्धन हेतु कार्य किये जा रहे हैं, साथ ही मोटे अनाजों से विभिन्न प्रकार के फूड प्रोडक्ट्स भी बनाए जा रहे हैं। द्वितीय सत्र में महिला नीति प्रभारी दीपा वर्मा ने रेशम कीट पालन, बागवानी,जैविक खेती आदि विषयों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेशम की मांग को देखते हुए इसमें रोजगार की संभावनाएं काफी अधिक हैं।उन्होंने रेशम कीट के जीवन चक्र, रेशम फार्मिंग की विधि,रेशम के प्रकार आदि के बारे में छात्राओं को अवगत कराया ।उन्होंने बताया कि कृषि में बागवानी एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है तथा ग्रामीण क्षेत्र में फल, फूल व सब्जियों की खेती कर और इनका व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन कर व्यक्ति अपनी आर्थिक उन्नति करने में सक्षम हो सकता है।उन्होंने छात्राओं को बागवानी, रेशम कीट पालन द्वारा अपनी आर्थिक उन्नति करने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य दिनेश चंद मीणा ने की।महिला नीति सदस्य डाॅ सोना जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। दोनों सत्रों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रोफेसर डॉ राघवेंद्र स्वामी, डॉ राजेश जैन, डॉ शिव कुमार मीणा, डॉ हरीशचंद्र तथा डॉ रतन कुमार उपस्थित रहे।