भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव एवं भव्य शोभायात्रा आज
बारां । भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस 22 अप्रैल शनिवार को मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत महोत्सव एवं निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। परशुराम शोभायात्रा आयोजन समिति के संयोजक नीरज नयन शर्मा ने बताया कि 22 अप्रैल शनिवार को सायं 4:00 बजे स्टेशन रोड स्थित श्री राम स्टेडियम से पूजा अर्चना के बाद शोभा यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। श्रीराम स्टेडियम से प्रारंभ होकर शोभायात्रा चार मूर्ति चौराहा, प्रताप चौक, संस्था धर्मदा चौराहा से सदर बाजार, सर्राफा बाजार, चोमूखा का बाजार , श्रीजी चौक तथा यहां से सब्जी मंडी और इंदिरा मार्केट होते हुए प्रताप चौक पर पहुंचेगी, जहां पर महाआरती और भव्यआतिशबाजी के साथ शोभा यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा। शोभा यात्रा संयोजक नीरज नयन शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में भगवान परशुराम एवं ब्राह्मण महापुरुषों सहित अन्य झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। यात्रा में पुजारी पथ संचलन भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस पर आयोजित शोभायात्रा एवं महोत्सव में भारी संख्या में महिला, बच्चे एवं पुरुष शामिल रहेंगे साथ ही शोभा यात्रा का शहर के अनेक स्थानों पर सभी वर्गो एवं संस्थाओं द्वारा स्वागत- अभिनंदन किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि जिले भर से ब्राह्मण समाज के बंधु भारी संख्या में शोभायात्रा में सम्मिलित रहेंगे। नीरज नयनशर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस पर आयोजित शोभायात्रा मैं ब्राह्मण समाज के सभी घटकों का, खासकर युवा वर्ग का भरपूर सहयोग रहा है।