Dark Mode
मैड्रिड ओपन: सिटसिपास और स्वियातेक टूर्नामेंट के अगले दौर में

मैड्रिड ओपन: सिटसिपास और स्वियातेक टूर्नामेंट के अगले दौर में

मैड्रिड। स्टेफानोस सिटसिपास और इगा स्वियातेक ने तीन सेट तक चले कड़े मुकाबलों में जीत दर्ज करके मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट के अगले दौर में प्रवेश किया। तीसरी वरीयता प्राप्त सिटसिपास ने कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद 31वें वरीय सेबेस्टियन बेज को 7-5, 3-6, 6-3 से हराकर इस क्ले कोर्ट टूर्नामेंट के अंतिम 16 में जगह बनाई। महिला वर्ग में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी स्वियातेक को भी 16वीं वरीयता प्राप्त एकातेरिना एलेक्जेंड्रोवा पर 6-4, 6-7 (3), 6-3 से जीत दर्ज करने के लिए पसीना बहाना पड़ा। उनका अगला मुकाबला 27वीं वरीयता प्राप्त पेट्रा मार्टिच से होगा जिन्होंने 11वीं वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेजिक्कोवा को 6-3, 7-6 (1) से हराया।

मैड्रिड में पिछले साल की उपविजेता तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने मार्टिना ट्रेविसन को 6-3, 2-6, 6-3 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। दूसरी वरीयता प्राप्त आर्यना सबलेंका ने रूसी किशोरी मीरा एंड्रीवा को 6-3, 6-1 से पराजित करके उनके शानदार अभियान पर रोक लगाई। महिला वर्ग के अन्य मैचों में नौवीं वरीयता प्राप्त मारिया सकारी ने पाउला बडोसा को 6-4, 6-4 से,जबकि 12 वीं वरीयता प्राप्त वेरोनिका कुदेरमेतोवा ने आठवीं वरीयता प्राप्त डारिया कसाटकिना को 7-5, 1-6, 7-6 (2) से हराया। पुरुषों में दूसरी वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव ने हम वतन रूसी खिलाड़ी एलेक्जेंडर शेवचेंको को 4-6, 6-1, 7-5 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। उनका अगला मुकाबला क्वालीफायर असलान करतसेव से होगा जिन्होंने 16वीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर को 6-3, 4-6, 6-4 से हराया। पुरुष वर्ग के अन्य मैचों में आठवीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज ने क्रिस्टियन गारिन को 6-1, 7-6 (4), झांग झिझेन ने 11वीं वरीयता प्राप्त कैमरून नॉरी को 2-6, 7-6 (2), 7-6 (2) और बर्नबे जपाटा मिरालेस ने क्वालीफायर रोमन सफीउलिन को 6-3, 3-6, 6-3 से पराजित किया।

 

 

 

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!