किशनगढ़ में होगा महाहनुमान चालीसा पाठ का आयोजन
मदनगंज किशनगढ़। किशनगढ़ में 22 जुलाई को बालाजी मंदिर कटला बाजार के पास मुख्य मार्ग पर होने वाले महाहनुमान चालीसा पाठ को ऐतिहासिक रूप देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर सर्व समाज एवं समस्त सामाजिक संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक का आयोजन हुआ। बैठक का प्रभार व संचालन विशेष कुमावत ने करते हुए महाहनुमान चालीसा पाठ की समस्त रूपरेखा रखते हुए बताया कि 11 बार अलग अलग सूर ताल में निरंतर हनुमान चालीसा पाठ, राजस्थान एवं अजमेर जिले के प्रमुख संतों का आगमन, भव्य आतिशबाजी, बाहुबली हनुमान की झांकी, 5 हजार से अधिक राम भक्तों के पाठ में पहुंचने का संकेत दिया। समस्त पधारे हुए समाज बंधुओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की योजना को सभी के सम्मुख रखा। बैठक की अध्यक्षता बालाजी मंदिर के महंत बनवारी दास अग्रावत, शंभू शर्मा ने की। गायत्री चेतना केंद्र संस्थान अध्यक्ष एसएन पारीक ने गायत्री माता के मंत्र के साथ बैठक को प्रारंभ किया। शिवसेना हिंदुस्तान के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सालासर बालाजी खाटू श्यामजी व मेहंदीपुर बालाजी के महंतों का कार्यक्रम का निमंत्रण देने की जिम्मेदारी ली। लक्ष्मीनारायण सोनगरा ने सर्व समाज बंधु एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारीयो को अपनी ओर से भी सहयोग देने की बात कही साथ ही डॉ विनयसिंह चौहान द्वारा कार्यक्रम की विशिष्ट समिति बनाने पर जोर दिया।