देशभर के गांधीवादी विचारकों एवं चिंतकों का महाकुम्भ आज से
दो दिवसीय राष्ट्र स्तरीय श्रमिक विकास शिविर में होगा श्रम कल्याण पर मंथन
कोटा । राजस्थान सरकार के शांति एवं अहिंसा निदेशालय द्वारा राष्ट्रीय मजदूर काँग्रेस इंटक के ऑल इंडिया प्रतिनिधियों के लिए राष्ट्र स्तरीय श्रमिक विकास शिविर का दो दिवसीय आयोजन 27-28 मई को बूंदी रोड़ स्थित अग्रवाल रिसोर्ट में किया जायेगा जिसमें देशभर के गांधीवादी विचारकों एवं चिंतकों का संगम होगा। इस वृहत् आयोजन में महात्मा गांधी के दर्शन से श्रमिकों की आजीविका, जीवन स्तर एवं राष्ट्रीय सन्दर्भ में वर्तमान में उपयोगिता पर गहन चिंतन किया जाएगा एवं मानव मूल्यों में गांधी दर्शन का आत्मसात् करने के लिए विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा उद्बोधन होंगे। संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह भी शिविर में अतिथि होंगी।
जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने बताया कि प्रदेश के शांति एवं अहिंसा निदेशालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय शिविर में देशभर के गांधीवादी विचारक राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए दिये गये विचारों पर वर्तमान में संचालित विभागीय योजनाओं पर मंथन करेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में देशभर के विचारक अपनी बात रखेंगे तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही श्रमिकों के कल्याणार्थ योजनाओं एवं कार्यक्रमों से आमजन को मिले लाभ का फीडबैक भी लेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में प्रदेश के प्रबुद्धजन, गांधीवादी विचारक एवं संभाग के गांधी जीवन दर्शन समिति से जुडे नागरिक भाग लेगें।
आयोजन की नोडल अधिकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ममता तिवाड़ी ने बताया कि 27 मई को प्रातः 10ः30 बजे प्रतिभागियों का स्थान ग्रहण, 11 बजे अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन एवं शुभारम्भ, 11ः05 बजे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। इसके बाद 11ः30 बजे उपाध्यक्ष श्रम कल्याण बोर्ड राज्य मंत्री एवं अध्यक्ष प्रदेश इंटक जगदीश राज श्रीमाली द्वारा स्वागत उद्बोधन होगा। इसी प्रकार दोपहर 12 बजे खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता द्वारा शिविर की संक्षिप्त जानकारी दी जाएगी। 12ः15 बजे निदेशक शान्ति एवं अहिंसा विभाग मनीष कुमार शर्मा द्वारा शान्ति एवं अहिंसा विभाग की कार्यक्रम विवर्तन, 12ः30 बजे वाइस चांसलर वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कैलाश सौडानी द्वारा आजादी के संघर्ष में महात्मा के साथ श्रमिकों की भूमिका के बारे में व्याख्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अपरान्ह 3 बजे अध्यक्ष अखिल भारतीय रेल्वे मेंस फेडेरेशन गुमान सिंह द्वारा महात्मा गांधी एवं श्रमिक जगत पर तथा 4 बजे प्रदेश अध्यक्ष इंटक पंजाब सुरिंद्र कुमार शर्मा द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा। इसके बाद 4ः30 बजे प्रतिभागी बस द्वारा कोटा भ्रमण करेंगे।
आयोजन के दूसरे दिन 28 मई को प्रातः 10 बजे गांधीवादी विचारक एवं प्रदेश अध्यक्ष इंटक गुजरात नैषध देसाई द्वारा महात्मा गांधी एवं श्रम आंदोलन, 11ः30 बजे प्रोफेसर पीआर व्यास उदयपुर द्वारा गांधी दर्शन से सामाजिक समक्षता की वर्तमान में समरसता, दोपहर 12 बजे अध्यक्ष प्रदेश इंटक एवं राज्यमंत्री श्रम सलाहकार बोर्ड जयपुर द्वारा आजादी पूर्व से आजादी पश्चात् आज तक के कालांश में श्रम सुधार के बारे में उद्बोधन दिया जाएगा। दोपहर 1 बजे पैनल डिस्कशन तथा 3ः30 बजे समापन सत्र का आयोजन किया जाएगा।