बौंली में ध्वज आरोहण के साथ शुरू हुआ महाशिवरात्रिवा र्षिक महोत्सव।
बौली. उपखंड मुख्यालय की अरावली पर्वत श्रृंखला के मध्य स्थित गुप्तेश्वर महादेव गुफा पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि का दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव शनिवार प्रदोष को सेवा समिति पदाधिकारियों के ध्वज आरोहण के साथ शुरू हुआ। गुप्तेश्वर सेवा समिति के अध्यक्ष पंकज जोशी से प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव के तहत आज प्रथम दिवस समिति सदस्यों के द्वारा दोपहर में ध्वज पूजन कर गुफा मंदिर पर ध्वजारोहण किया गया। पंडित दामोदर प्रसाद शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। समिति के अनुसार वार्षिक महोत्सव के तहत गुफा मंदिर पर रविवार को आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। दोपहर दो बजे महाआरती के बाद आमजन के लिए दर्शन खोले जाएंगे। रात्रि 8:00 बजे से गुफा मंदिर के नीचे स्थित मैदान में ख्याति प्राप्त गायक कलाकार आयोजित भजन संध्या में संपूर्ण रात्री स्वर लहरियां बिखेरेंगे। गौरतलब है कि कस्बे की अरावली पर्वत श्रृंखला के मध्य मिनी अमरनाथ के नाम से प्रसिद्ध गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पर सेवा समिति के तत्वावधान में कई वर्षों से महाशिवरात्रि पर वार्षिक महोत्सव के तहत दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी के तहत इस वर्ष भी यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समिति अध्यक्ष ने सभी भक्त श्रद्धालुओं को झांकी दर्शन के साथ भजन संध्या में पहुंच धर्म लाभ उठाने का आग्रह किया है।