महेंद्र सिंह रावत ने की निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा
ब्यावर। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज महेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को एक नीजी होटल में पत्रकारो से मुखातिब होते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लडऩे की घोषणा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री रावत ने घोषणा करते हुए कहा कि वे जोर-शोर से 6 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि मुझे जनता का आशीर्वाद मिलेगा तो आगामी 5 साल में विकास के आयाम स्थापित करुंगा। रावत ने कहा कि पिछले 15 सालों में विधायक शंकरसिंह रावत ने कुछ भी विकास नहीं किया है। आखिर कब तक मोदी के नाम पर वोट बटोरेंगे, अब विकास के नाम पर वोट लेने की बारी है। विधायक पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने विज्ञापनों में 14 उपलब्धियां गिना रहे हैं, उनमें 12 बिल्कुल झूठ है। जो दो उपलब्धियां की है, उनमें भी हुए घोटाले और भ्रष्टाचार से कोई अनजान नहीं है। महेंद्र सिंह ने कहा कि सबसे पहले उपलब्धि ब्यावर को जिला बनाने की गिनाई है, जो बिल्कुल सफेद झूठ है। जब 2013 से 18 में भाजपा का शासन था, तब एक बार भी शंकर सिंह जिले का मुद्दा नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा कि ब्यावर के जिले बनने का सर्वाधिक श्रेय ब्यावर के मीडिया को जाता है, जिसने हमेशा मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाई है। महेंद्र सिंह ने खुली चुनौती दी है कि विधायक रावत मेरे सामने बैठकर एक भी उपलब्धि गिनवा दे तो मैं चुनाव नहीं लडूंगा।