निवाई में अन्तर्राज्यीय नकबजन गिरोह का मुख्य सरगना गिरफ्तार
टोंक। जिले के पुलिस थाना निवाई में अन्तर्राज्यीय नकबजन गिरोह के सरगने को गिरफ्तार किया गया है। निवाई थाना क्षैत्र में अपराधियों की धरपकड़ व कस्बा निवाई में हो रही चोरी, नकबजनी की वारदातों को खोलने के लिए पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज द्वारा दिये गये आदेश एवं अति. पुलिस अधीक्षक टोंक आदर्श चौधरी, वृत्ताधिकारी निवाई महावीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी निवाई हरिपाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम के हैड कांनि. गजराज सिंह, नीरज कुमार, कांनि. राधाकिशन, गजेन्द्र एवं धर्मराज, हेमराज द्वारा कार्रवाही करते हुये कस्बा निवाई में 22-23 नवम्बर की रात्री में कृषि मण्डी से 5-7 दुकानों के ताले तोडक़र लाखों रुपये की नकबजनी करने वाली अन्तर्राज्यीय गैंग के मुख्य सरगना इमरान पुत्र ईस्लाम शाह फकीर (21) साल निवासी बघेरा रोड़, भट्टा कॉलोनी विनायक नगर केकड़ी थाना केकड़ी जिला केकड़ी को गिरफ्तार किया गया है। थानाधिकारी निवाई हरिपाल सिंह ने बताया कि 23 नवम्बर को निवाई के सुशील कुमार, संजय कुमार जैन, अंकुश जैन, राजेन्द्र कुमार जैन आदि ने निवाई में दी गई रिपोर्ट में बताया कि झिलाई रोड़ स्थित कृषि मण्डी में रात्रि करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने मंडी में व्यापारियों की दुकानों के ताले तोडक़र लाखों रूपये का माल चोरी कर ले गये। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर अनुसंधान हैड कांनि. गजराज सिंह द्वारा आरंभ किया गया। इस घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश फैलने के चलते एसडीएम निवाई को घटना का खुलासा करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी निवाई हरिपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया, जिनके द्वारा कृषि मण्डी सहित निवाई शहर के सीसी टीवी फुटेज खंगाले गये तथा कृषि मंडी के सीसी टीवी फुटेज में कैद हुए शातिर चोरों के फुटेज आस-पास के जिलों में भेजकर इस प्रकार की घटना कारित करने वाले पूर्व में चालानशुदा कई आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए वारदात करने वाली गैंग के एक सदस्य नसीब खान को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया था, तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास करते हुए नकबजनी के मुख्य सरगना इमरान को भी गिरफ्तार किया गया है। थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारशुदा आरोपी इमरान ने अपने नाम से गैंग बना रखी है, जिसका संचालन स्वंय करता है। आरोपी इमरान नकबजनी की अलग-अलग वारदातें करने के दौरान अलग-अलग नकबजनों को साथ लेकर जाता है। आरोपी इमरान नकबजनी के माल में से ज्यादातार हिस्सा स्वंय के पास रखता है, जो नशा करने का भी आदि है। गिरफ्तार मुल्जिम ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिला टोंक, केकड़ी, अजमेर व भीलवाड़ा में करीब एक दर्जन नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है, जिससे गहनता से पुछताछ की जा रही है।