राजकाज सॉफ्टवेयर के माध्यम से करे पत्रावलियों का संधारण-सीईओ
बूंदी। विभागीय निर्देशानुसार ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के राजकार्य से संबंधित समस्त पत्रावलियां ऑनलाईन संधारित की जावेगी। राजकाज सॉफ्टवेयर के माध्यम से पत्रावलियां संधारित करने के संबंध में बुधवार को जिला परिषद स्थित कक्ष में मुख्य कार्यकारी अधिकारी करतार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि शाखा प्रभारियों द्वारा तत्काल डिजिटलाईजेशन प्रक्रिया प्रारंभ की जावे। पत्रावलियों से संबंधित पत्राचार उच्चाधिकारियों को राजकाज सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रेषित की जावे। इस संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया तथा अधिकारियों एवं कार्मिकों का शंका समाधान किया गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरीश चंद मीणा, लेखाधिकारी रामनारायण मीणा, सहायक विकास अधिकारी राजेश कुमार गौतम व कमलेश शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी ओम प्रकाश वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।