Dark Mode
SI पेपर लीक में बड़ा एक्शन, 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

SI पेपर लीक में बड़ा एक्शन, 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

Jaipur : राजस्थान की बहुचर्चित एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नागेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

एसओजी के अनुसार नागेश कुमार यादव उस समय पंचायत समिति अजीतगढ़ में सहायक लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत था। पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद वह ड्यूटी से अनुपस्थित होकर फरार हो गया था। तकनीकी निगरानी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आखिरकार उसे पकड़ लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने भाई को उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में सफल कराने के लिए कथित तौर पर 7.50 लाख रुपये खर्च कर लीक प्रश्नपत्र और उसके उत्तर प्राप्त किए थे। यह सामग्री परीक्षा से पहले उपलब्ध कराई गई, जिससे उसके भाई को परीक्षा की तैयारी में अनुचित लाभ मिला।

एसओजी की पड़ताल में यह भी सामने आया कि लीक प्रश्नपत्र का नेटवर्क कई लोगों के माध्यम से संचालित हो रहा था। जांच एजेंसी के मुताबिक प्रश्नों और उत्तरों का आदान-प्रदान विभिन्न स्तरों पर किया गया, जिसके बाद यह सामग्री अभ्यर्थियों तक पहुंची।

आरोप है कि नागेश कुमार यादव ने प्राप्त प्रश्नपत्र अपने भाई सुरजीत सिंह यादव को उपलब्ध कराया। इसके बाद उसने परीक्षा में उच्च अंक हासिल किए और मेरिट सूची में शीर्ष स्थानों में शामिल होकर उपनिरीक्षक पद के लिए चयनित हो गया।

इस मामले में पहले ही सुरजीत सिंह यादव और सहायक लेखाधिकारी पुरुषोत्तम दाधीच को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों के खिलाफ जांच पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र भी पेश किए जा चुके हैं।

एसओजी अधिकारियों का कहना है कि पेपर लीक नेटवर्क की गहन जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। एजेंसी का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण राजस्थान के सबसे चर्चित भर्ती घोटालों में शामिल है। अब तक इस मामले में 144 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने में जुटी हुई हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!