जयपुर में गैंगस्टरों पर बड़ा शिकंजा, 24 ठिकानों पर ATS-AGTF की रेड
जयपुर। राजधानी में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ एटीएस-एजीटीएफ ने गुरुवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। सुबह करीब पांच बजे शहर के 24 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर गैंगस्टरों से जुड़े कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान हार्डकोर अपराधियों को भी निशाने पर रखा गया।
एडीजी (एजीटीएफ) दिनेश एमएन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य शहर में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क और उनके सहयोगियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ गैंग जयपुर में अपना प्रभाव बढ़ाने और नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
इसी इनपुट के आधार पर एटीएस-एजीटीएफ ने खोराबीसल, झोटवाड़ा, करणी विहार, करधनी, मुरलीपुरा, बिंदायका, वैशाली नगर, मालपुरा गेट, कोतवाली, आमेर और सोडाला सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। सबसे अधिक कार्रवाई खोराबीसल और झोटवाड़ा क्षेत्र में की गई।
अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए संदिग्धों से गैंगस्टर नेटवर्क, उनके सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
इस विशेष अभियान में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट का भी सहयोग रहा। विभिन्न स्थानों पर गठित टीमों में क्यूआरटी, डीएसटी, आरएसी और स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया, जबकि संबंधित पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) ने अभियान का नेतृत्व किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आपराधिक नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।