Dark Mode
मॉस्को पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला, एक की मौत, 61 घायल

मॉस्को पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला, एक की मौत, 61 घायल

मॉस्को। रूस के मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से किए गए बड़े ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि 61 लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पतालों में इलाज जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक, घायल हुए 20 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, नौ लोगों की हालत गंभीर है, जबकि 31 अन्य मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है। अधिकतर घायलों को विस्फोट और छर्रों से चोटें आई हैं। कुछ लोग जलने, हड्डियां टूटने और धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं से भी जूझ रहे हैं।

सबसे अधिक नुकसान मॉस्को से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित इलेक्ट्रोस्टल शहर में हुआ, जहां 57 लोग घायल हुए। इसके अलावा नोगिन्स्क में भी चार लोग हमले की चपेट में आए। इससे पहले शुरुआती जानकारी में इलेक्ट्रोस्टल के एक गोदाम परिसर में ड्रोन गिरने से 24 लोगों के घायल होने की सूचना दी गई थी।

उधर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने पिछले 24 घंटों में 774 यूक्रेनी फिक्स्ड-विंग ड्रोन और 13 निर्देशित हवाई बमों को नष्ट कर दिया। मंत्रालय के अनुसार, रूसी सेना ने पूरी रात यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए।

रूस का कहना है कि जवाबी कार्रवाई के दौरान ओडेसा बंदरगाह के उस बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिसका उपयोग ईंधन और लुब्रिकेंट की आपूर्ति के लिए किया जाता था। इसके अलावा यूक्रेनी सेना को रसद सहायता देने वाले ईंधन भंडारण केंद्रों पर भी हमले किए गए।

रक्षा मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि ओडेसा क्षेत्र के चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर गोला-बारूद उतार रहे एक कंटेनर जहाज और काला सागर में स्नेक आइलैंड के पास यूक्रेन के लिए सामान ले जा रहे एक ड्राई कार्गो जहाज को भी निशाना बनाया गया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!