योग को बनाएं रोज़मर्रा की आदत, उपमुख्यमंत्री बैरवा की अपील
Jaipur : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रदेशवासियों को योग के प्रति जागरूक होने और इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की मजबूत नींव है।
गुरुवार सुबह जयपुर स्थित अपने राजकीय आवास के उद्यान परिसर में डॉ. बैरवा ने परिवारजनों और सहयोगियों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर योग के महत्व को रेखांकित किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी तरीका भी है। नियमित योग करने से व्यक्ति को ऊर्जा, एकाग्रता और आत्मविश्वास प्राप्त होता है, जिससे जीवन की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच योग एक सरल और प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। यही कारण है कि आज योग को दुनिया भर में अपनाया जा रहा है।
डॉ. बैरवा ने प्रदेशवासियों से आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति की दैनिक दिनचर्या का स्थायी हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी के माध्यम से योग को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है, जिससे समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मकता को बढ़ावा मिलेगा।