कनाडा के सैन्य अड्डे में भीषण आग, कई की मौत; PM कार्नी ने जताया दुख
अल्बर्टा प्रांत. कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक सैन्य अड्डे पर लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है। शनिवार शाम कैनेडियन फोर्सेज बेस वेनराइट (सीएफबी वेनराइट) में आग लगने से कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने हताहतों की पुष्टि की है। हालांकि, अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शोक व्यक्त किया। सरकार और स्थानीय प्रशासन हालात का जायजा लेने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय कर रहे हैं। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
पीएम मार्क कार्नी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अल्बर्टा के सीएफबी वेनराइट में गंभीर घटना के कारण बड़े पैमाने पर आग लगी है।
कार्नी के मुताबिक, संघीय सरकार अल्बर्टा सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि अल्बर्टा की प्रीमियर डेनिएल स्मिथ और उनके बीच बातचीत जारी है। दोनों सरकारों के मंत्री और अधिकारी भी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
तेज हवाओं से तेजी से फैली आग
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार शाम लगी आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई। यह सैन्य अड्डा अल्बर्टा की राजधानी एडमोंटन से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में वेनराइट शहर के पास स्थित है।
रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने घटना में लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने की पुष्टि की। हालांकि, आग की शुरुआत कैसे हुई और इससे सैन्य अड्डे के किन हिस्सों को नुकसान पहुंचा, इस बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
अल्बर्टा की प्रीमियर ने भी जताया दुख
अल्बर्टा की प्रीमियर डेनिएल स्मिथ ने घटना को गंभीर और दुखद बताया। उन्होंने हादसे से प्रभावित सैन्यकर्मियों के प्रति संवेदना जताई और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों तथा बचाव दलों के प्रयासों की सराहना की।
अधिकारियों के सामने फिलहाल आग से प्रभावित लोगों की मदद करना और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाना प्राथमिकता है। जांच के बाद ही आग लगने के संभावित कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
विपक्षी नेता ने की लोगों से अपील
कनाडा की विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिवरे ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनकी प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी से बातचीत हुई है।
पोइलिवरे ने लोगों से प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए सड़कों को खाली रखने की भी सलाह दी।
घटना के बाद जांच में जुटे अधिकारी
सैन्य अड्डे पर आग लगने की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अल्बर्टा में कुछ दिनों बाद एक प्रांतीय मतदान प्रस्तावित है। इस मतदान में कनाडा से स्वतंत्रता की दिशा में प्रक्रिया शुरू करने के प्रस्ताव पर लोगों की राय ली जानी है।
फिलहाल, आग की वजह और नुकसान की पूरी जानकारी सामने आना बाकी है। अधिकारी घटनास्थल की स्थिति का आकलन कर रहे हैं और प्रभावित लोगों की मदद के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।