युवाओं को तम्बाकू की लत छुड़ाने में जुटा चिकित्सा विभाग
जयपुर। तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन के तहत 60 दिवसीय कार्य योजना की क्रियान्विति को लेकर चिकित्सा विभाग आमजन को निरंतर जागरूक कर रहा है. विभाग की ओर से कार्य योजना के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तम्बाकू के नुकसान के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि राज्य सरकार की निरोगी राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन की कार्ययोजना बनाकर विभाग की ओर से युवाओं में नशे की लत छुड़ाने के लिए उन्हें जागरूक किया जा रहा है. इसके लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गाँव गाँव ढाणी ढाणी में जनजागरूकता प्रसारित की जा रही है. जहां एक ओर स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा तम्बाकू के दुष्प्रभावों को लेकर नारा लेखन किया जा रहा है, वहीँ रैलियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है. इसके अलावा कोटपा अधिनियम के तहत नियमित कार्यवाही कर चालान काटे जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिवसों में ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर और जिला स्तर पर तम्बाकू नियंत्रण विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इसमें जिले के स्टूडेंट्स लीडर बनकर अपने आस-पास ले लोगों को जागरूक करेंगे.
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोयल ने बताया कि ‘‘टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन’’ के अन्तर्गत सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के प्रावधानों की प्रभावी क्रियान्विति हेतु निदेशालय स्तर से सोशल मीडिया जागरुकता कैम्पेन आरम्भ किया गया है। इसके अंतर्गत ऑनलाईन तम्बाकू मुक्त वीडियों संदेश, ऑनलाईन तम्बाकू मुक्त युवा पेंटिंग और स्लोगन, ऑनलाईन तम्बाकू मुक्त युवा सेल्फी प्रतियोगिता, तम्बाकू मुक्त युवा जागरुकता वीडियों संदेश प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।
इसकी विस्तृत नियमावनी, प्रतियोगिता से जुडे अन्य अपडेट्स हेतु प्रतिभागी द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जयपुर द्वितीय के सोशल मीडिया फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम, ट्वीटर, यू-ट्यूब चैनल (IEC JAIPUR-2) को फॉलो कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।