स्वीप अभियान को लेकर बैठक सम्पन्न
मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए गतिविधियां आयोजित करें-जिला निर्वाचन अधिकारी
कोटा । जिला निर्वाचन अधिकारी ओपी बुनकर ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप को प्रभावी बनाने के लिए सभी 21 विभाग 15 जुलाई तक सघन गतिविधियां आयोजित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उक्त गतिविधियां आमजन के बीच न होकर कम मतदान वाले टारगेट ग्रुप्स पर केन्द्रित हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 जुलाई तक सघन गतिविधियां कर फोटो व वीडियो उपलब्ध कराई जाए। सीईओ जिला परिषद एवं नोडल अधिकारी स्वीप ममता तिवाड़ी ने कहा कि सभी 21 विभाग जागरूकता की गतिविधियां आयोजित करें। कृषि विभाग किसानों के लिए, सहकारिता विभाग ग्राम सहकारी समितियों के लिए, ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज विभाग नरेगा श्रमिकों के लिए मतदाता जागरूकता पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बूथ स्तर पर भी गतिविधियां की जाएं। जिन क्षेत्रों या बूथ पर कम मतदान हुआ हो वहां पर टारगेट ग्रुप के लिए गतिविधियां हों।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार सिंह ने निर्देश दिए कि सघन गतिविधियां आयोजित कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नव मतदाताओं को प्रेरित किया जाए। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।