भारत जोड़ो यात्रा और वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए महबूबा ने राहुल की सराहना की
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की जमकर प्रसंशा की हैं। महबूबा ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को वह सलाम करती हैं। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए भी राहुल की सराहना की।
पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान महबूबा ने कहा कि हम भारत को एकजुट करने और इस देश में धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे को मजबूत और विकसित करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के लिए राहुल गांधी को सलाम करती हूं। उन्होंने देश की धर्मनिरपेक्ष नींव को कमजोर करने और तोड़ने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना भी की। महबूबा ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले सात-आठ सालों में भारत में धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे की नींव हिल गई है।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राहुल गांधी द्वारा श्रद्धांजलि दिए जाने के बारे में महबूबा ने कहा कि अपने विरोधियों को सम्मान देना भी एक अच्छा भाव है। यह इस देश की खूबसूरती है कि विरोधियों को श्रद्धांजलि दी जाती है, चाहे वे मृत हों या जीवित। हालांकि, अभी यह गायब है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह हमेशा राजनीति से ऊपर देखते थे।
इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के तवांग में चीन से झड़प पर महबूबा मुफ्ती ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि मोदी सरकार जवानों को पलटवार की इजाजत नहीं दे रही है। सैनिकों को जवाब देने से रोका जा रहा है। यह खेदजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि चीन जो हमारी जमीन हथिया रहा है, उसका तो सरकार के पास कोई जवाब नहीं है, लेकिन जम्मू-कश्मीर में लोगों को जो जमीन लीज पर मुहैया कराई गई है, उसे सरकार छीन रही है।