उपखंड कार्यालय पर नारेबाजी कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बीदासर। अखिल भारतीय नायक महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रतनलाल नायक के नेतृत्व में समाज के लोगों ने गुरुवार को उपखंड कार्यालय पर नारेबाजी कर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम रमेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि सरदार शहर तहसील के गांव रामसरा पड़िहारान में दलित नायक समाज के युवक रघुवीर की घोड़ी पर बैठाकर बिंदोरी निकाली जा रही थी। उस वक्त गांव के कुछ असामाजिक व रूढ़िवादी सोच के लोगों ने दूल्हे के साथ मारपीट की और जबरन घोड़ी से नीचे उतार कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में अनुसंधान अधिकारी द्वारा तथ्यात्मक विश्लेषण नहीं कर महज राजीनामा व लीपापोती की जा रही है और मुल्जिमों की ऊंची पहुंच होने के कारण उनको बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि दलित नायक परिवार के मौलिक अधिकारों पर सीधा-सीधा कुठाराघात है जिसको किसी भी रूप में उचित नहीं कहा जा सकता। इस प्रकरण की जांच निष्पक्ष अधिकारी से कराने व ऐसी घटना को अंजाम देने वाले दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी देते हुए कहा कि समय रहते निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो समाज के लोग प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर बीदासर तहसील सचिव बनवारी नायक, शिवरतन, गोविंद, पूर्णाराम, मदनलाल, मुकेश, जीतू, मांगीलाल, मनोहर, बालाराम, शंकरलाल, गोपाल, प्रकाश, राजू, सांवरलाल, प्रेम, श्यामलाल, विजेश अर्जुन, महेंद्र आदि उपस्थित रहे।