जयपुर में चेन स्नेचिंग का आतंक, पंजाब से दबोचे गए दो बदमाश
Jaipur : राजधानी में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए अभियान के तहत जयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पंजाब के पटियाला से पकड़ा गया, जहां वे वारदातों को अंजाम देने के बाद छिपे हुए थे।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ परमजीत और काका के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 9 जून को सोडाला थाना क्षेत्र में एक महिला की सोने की चेन छीनने की घटना हुई थी। इसके अगले दिन विधायकपुरी इलाके के पांच बत्ती क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात सामने आई। वहीं 11 जून को चांदपोल स्थित हनुमानजी मंदिर के बाहर भी महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की गई।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि 16 जून को एमआई रोड क्षेत्र में आरोपियों ने एक अन्य महिला की चेन छीनने का प्रयास किया था, लेकिन लोगों की सतर्कता के चलते वे सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) को जांच में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद टीम ने उनका पीछा करते हुए पंजाब के पटियाला पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल दोनों आरोपियों से सोडाला थाना पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में शहर की अन्य चेन स्नेचिंग वारदातों के भी खुलासे हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हुआ है या नहीं।
पुलिस ने महिलाओं से सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि चेन स्नेचिंग और सड़क अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।