Dark Mode
प्लास्टिक मुक्त भविष्य का संदेश, जोधपुर में जागरूकता संगोष्ठी

प्लास्टिक मुक्त भविष्य का संदेश, जोधपुर में जागरूकता संगोष्ठी

जोधपुर : जोधपुर में अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से एम.डी. सारण पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाल में जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और उसके विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा चौहान ने कहा कि हर वर्ष 3 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक बैग पर्यावरण, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।

विद्यालय के निदेशक श्रवणराम सारण ने बताया कि इस वर्ष की थीम "एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक से मुक्ति और एक स्थायी भविष्य की ओर" है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के विकल्पों को अपनाना समय की जरूरत है और समाज की भागीदारी से ही इस दिशा में सार्थक बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, जोधपुर के के.आर. सोनी ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत, ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षक बाबूराम चौधरी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!