Dark Mode
मिशन पढ़ो राजस्थान : किताबों से जुड़ने का लिया संकल्प

मिशन पढ़ो राजस्थान : किताबों से जुड़ने का लिया संकल्प

जमवारामगढ़। विश्व साक्षरता दिवस के मौके पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ने के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मिशन पढ़ो राजस्थान के तहत हुआ, जिसका उद्देश्य बच्चों में नियमित पठन की आदत विकसित करना और पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अलग-अलग पुस्तकों का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने पढ़ी गई पुस्तकों और अपने अनुभवों को साथियों के साथ साझा किया। शिक्षकों ने बच्चों को रोजाना कुछ समय पुस्तक पढ़ने की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम प्रभारी संतोष मीना ने कहा कि नियमित पठन से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि होती है। साथ ही उनकी भाषा क्षमता और व्यक्तित्व विकास में भी पढ़ने की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ ज्ञानवर्धक और रुचिकर पुस्तकें पढ़ने की अपील की।

प्रधानाचार्य गिरधारी लाल मीणा ने कहा कि किताबों से जुड़ने की आदत विद्यार्थियों को ज्ञानवान और आत्मनिर्भर बनाने में मदद करती है। नियमित पढ़ाई से बच्चों के विचारों का दायरा भी व्यापक होता है। उपप्रधानाचार्य रोशना मीणा ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कुछ समय पुस्तक वाचन के लिए निकालने की बात कही।

इस अवसर पर सुनीता रानी, पी.सी. शिवरान, मेघा कुमावत, सूरज मीणा और रामफूल मीणा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ने का संकल्प दिलाया गया।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!