कांस्य पदक विजेता बेटियों के लिए विधायक ने की 9 लाख देने की घोषणा
सवाई माधोपुर। कजाकिस्तान में आयोजित एशियन वुमन हैंडबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदम जीतकर लौटी एरंता, सीमा व ज्योति को स्थानीय विधायक दानिश अबरार ने अपने कोटे से 9 लाख रुपए देने की अभिशंषा जारी की। इसके साथ ही विधायक ने संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच व वीडीओ को खिलाडियों की सहमति से विधायक कोटे से मिली राशि से गांव में सडक व हैंडपंप सहित अन्य कार्य करवाने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के रांवल व जगनपुरा निवासी एरंता मीना, सीमा व ज्योति गत दिनों कजाकिस्तान में आयोजित एशियन हैंडबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदम जीतकर लौटी थी। सवाई माधोपुर लौटने पर स्थानीय विधायक ने तीनों खिलाडी बेटियों के घर पहुंचकर उनका स्वागत करते हुए सवाई माधोपुर का नाम रोशन करने पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने शनिवार को लाइव सेशन में तीनों खिलाडियों को अपने विधायक कोटे से 3-3 लाख रुपए देने की घोषणा की। लाइव सेशन के दौरान एरंता मीणा ने विधायक अबरार को अपने घर तक सडक नहीं होने की परेशानी बताते हुए सडक व हैंडपंप लगवाने की मांग की। इसी प्रकार सीमा ने भी घर तक आने- जाने के लिए सडक बनवाने व ज्योति ने 3 लाख रुपए की राशि में से डेढ लाख रुपए गांव में स्थित हनुमान जी के मंदिर व डेढ लाख रुपए जिंद बाबा के मंदिर के विकास पर खर्च करने की इच्छा जताई। इस पर अबरार ने संबंधित सरपंच को 3-3 लाख रुपए की घोषणा की चिट्टी देते हुए तीनों खिलाडियों की सहमति से शीघ्र विकास के कार्य करवाने के निर्देश दिए।