मोदी ने मेलोनी को दी बधाई, बताया बड़ी उपलब्धि
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी। मेलोनी इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद संभालने वाली नेता बन गई हैं। पीएम मोदी ने उनकी इस उपलब्धि को बड़ी कामयाबी बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेलोनी की उपलब्धि इटली की जनता के उनके नेतृत्व के प्रति विश्वास और भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मेलोनी के नेतृत्व में भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूती मिली है।
पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि भारत और इटली मिलकर दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य के नए अवसर तैयार कर सकते हैं। मोदी ने मेलोनी को आने वाले वर्षों में निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर पद संभाला था। शुक्रवार को उनकी सरकार ने 1,413 दिन पूरे किए और इस तरह उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के सरकार के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
भारत और इटली के रिश्तों में हाल के वर्षों में भी लगातार नजदीकी देखने को मिली है। मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर इटली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ-साथ इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से भी मुलाकात की थी।
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया था। मोदी और मेलोनी ने उच्चस्तरीय संपर्कों में तेजी का स्वागत करते हुए बहुपक्षीय कार्यक्रमों के दौरान नेताओं की नियमित वार्षिक बैठकों पर सहमति जताई थी। इसके साथ ही मंत्रिस्तरीय और संस्थागत स्तर पर नियमित संवाद जारी रखने पर भी जोर दिया गया था।
दिलचस्प बात यह है कि प्रधानमंत्री मोदी की इटली यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला था। मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट उपहार में दिया था। इस अनोखे उपहार पर मेलोनी ने बाद में सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया था।
इससे पहले जुलाई में जॉर्जिया मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को भविष्य के नए अवसरों से जोड़ते हुए साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी।
दोनों नेताओं के बीच लगातार हो रहा संवाद भारत-इटली संबंधों में बढ़ती गर्मजोशी को दर्शाता है। रणनीतिक सहयोग के साथ व्यापार, संस्थागत संपर्क और बहुपक्षीय मंचों पर समन्वय को आगे बढ़ाने पर भी दोनों देशों का जोर रहा है।