मोक्षकल्याणक महोत्सव विधान पूजन कर चढ़ाया निर्वाण लाडू
सीकर। जैन धर्म के 8वें तीर्थंकर चन्द्रप्रभु भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव शनिवार को भक्तिभाव से मनाया गया । समाज के विवेक पाटोदी ने बताया कि प्रात: काल समस्त जैन मंदिरों में जी का नित्य अभिषेक, शांतिधारा व पूजा-अर्चना की गई । चन्द्रप्रभु भगवान के मोक्ष कल्याणक महोत्सव के अवसर पर जैन धर्मावलंबियों द्वारा हर्षोल्लास व जयकारों के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाया गया । इस अवसर पर शहर के बजाज रोड़ स्थित नया मंदिर व दंग की नसियां मंदिर सहित अन्य जैन मंदिरों में चंद्रप्रभु महामंडल विधान आयोजित किया गया। समाज के पंडित जयंत शास्त्री ने बताया कि हम सभी भगवान को दु:ख में याद करते हैं , लेकिन अपने शुभ कार्यों में हम भगवान को अधिकतर भूल जाते हैं। इसीलिए हमारे द्वारे पर प्रतिदिन कोई ना कोई विपत्ति आकर खड़ी हो जाती है । हम सभी भगवान को जितना दु:ख में याद करते हैं , उतना ही सुख में भी याद करें। उनकी बड़े ही मनोयोग के साथ प्रतिदिन पूजन भक्ति करें। विवेक पाटोदी ने बताया कि रविवार से फाल्गुन माह की अष्टाहनिका पर्व प्रारंभ प्रारंभ हो रहे हैं। आठ दिनों तक जिनेंद्र प्रभु की महाअर्चना बड़े ही भक्ति भाव के साथ की जाएगी ।