Dark Mode
राजस्थान में मानसून सुस्त, श्रीगंगानगर में 40 के पार पहुंचा पारा

राजस्थान में मानसून सुस्त, श्रीगंगानगर में 40 के पार पहुंचा पारा

जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल थम गई हैं। शनिवार को लगातार दूसरे दिन प्रदेश में बारिश नहीं हुई। बारिश का दौर रुकने से अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं अलवर, टोंक, जोधपुर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार फिलहाल मानसून ट्रफ अमृतसर, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, बस्ती और पटना होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके कारण राजस्थान में बारिश की गतिविधियां रुकी हुई हैं। मौसम केंद्र ने प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।

हालांकि बारिश के लिहाज से राहत की उम्मीद जल्द बन रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 2 सितंबर से राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश की गतिविधियां दोबारा शुरू होने की संभावना है। विशेष रूप से भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग में इसका असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने 2 सितंबर को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बाद सितंबर की शुरुआत में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। फिलहाल पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बढ़ रहा है और श्रीगंगानगर में तापमान 40 डिग्री पार पहुंचना इसका संकेत है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!