Dark Mode
राजस्थान में मानसून कमजोर, 4-5 दिन बारिश पर ब्रेक

राजस्थान में मानसून कमजोर, 4-5 दिन बारिश पर ब्रेक

 

जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियों पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर भारत की तरफ खिसक गई है। इसके असर से प्रदेश में अगले चार-पांच दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना कम है। हालांकि कुछ इलाकों में स्थानीय मौसम तंत्र के कारण हल्की बरसात हो सकती है।

मंगलवार को भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी पूर्वी राजस्थान में मानसून कमजोर स्थिति में रहेगा। 12 सितंबर के आसपास परिस्थितियां बदलने पर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं।

सोमवार को भी प्रदेश में बारिश का दायरा सीमित रहा। अलवर, कोटपूतली, सीकर और राजसमंद के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश राजसमंद के नाथद्वारा में करीब 28 मिलीमीटर रही। शाम के समय श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में भी बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं।

कई शहरों में बढ़ा तापमान

बारिश की गतिविधियां कम होने का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। सोमवार को करौली, कोटा, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अलवर, पिलानी, टोंक और भीलवाड़ा समेत कई शहरों में दिन के तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। फलोदी प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में 24 फीसदी बारिश कम

मानसून सीजन के दौरान राजस्थान में अब तक कुल बारिश सामान्य से 24 प्रतिशत कम रही है। प्रदेश के केवल चार जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। भरतपुर इस मामले में सबसे आगे है। यहां 1 जून से 6 सितंबर तक सामान्य बारिश 481.7 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि इस सीजन में अब तक 638.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से करीब 33 प्रतिशत अधिक है।

दौसा में सामान्य से 7 प्रतिशत, धौलपुर में 10 प्रतिशत और झुंझुनूं में 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। दूसरी ओर अलवर में बारिश सामान्य से एक प्रतिशत कम और करौली में पांच प्रतिशत कम दर्ज की गई।

फिलहाल मौसम विभाग की नजर 12 सितंबर के आसपास बनने वाले संभावित नए मौसम तंत्र पर है। इसके सक्रिय होने पर प्रदेश में बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है। तब तक अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!