Dark Mode
राजस्थान में मानसून का प्रकोप, कई जिले जलमग्न

राजस्थान में मानसून का प्रकोप, कई जिले जलमग्न

जयपुर। राजस्थान में जारी भारी बरसात ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही बारिश से कई शहरों, कस्बों और गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी भर गया है, सड़कें और पुलिया डूब गई हैं, वहीं मकानों के ढहने और डूबने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रविवार को सबसे ज्यादा वर्षा नागौर में दर्ज की गई, जहां 7 इंच पानी गिरा। इसके अलावा अजमेर, बीकानेर, दौसा, हनुमानगढ़, जोधपुर, झुंझुनूं और सिरोही सहित कई जिलों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने राज्य में तेज बारिश का दौर 27 अगस्त तक जारी रहने की संभावना जताई है। सोमवार को सिरोही, राजसमंद, उदयपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 13 जिलों में येलो अलर्ट है। बारिश के अलर्ट को देखते हुए जयपुर-सीकर समेत 19 जिलों में कहीं एक तो कहीं दो तो कहीं तीन दिन की स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।पिछले 24 घंटे में वर्षा जनित कई हादसे हुए। चूरू जिले के सरदारशहर के पूलासर गांव में तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। नागौर जिले के बच्चाखाडा गांव में मकान ढहने से दो लोगों की जान गई, जबकि लोहारपुरा में भी एक पुराना मकान गिर गया। उदयपुर के डबोक इलाके में खदान में भरे पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। झालावाड़ में कालीसिंध नदी की पुलिया पर एक कार बह गई। इसमें सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि एक सरकारी शिक्षक समेत दो लोग लापता हैं।

पिछले 24 घंटों में नागौर में 173 मिमी, डेह में 137 मिमी, जायल में 112 मिमी, खींवसर में 99 मिमी, छोटी खाटू में 92 मिमी, बीकानेर के लूणकरणसर में 91 मिमी, हनुमानगढ़ के गोलूवाला में 92 मिमी, संगरिया में 90 मिमी और सिरोही के माउंट आबू में 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। अजमेर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, जोधपुर और झुंझुनूं समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा हुई। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, मानसून सीजन 15 जून से 25 अगस्त तक राज्य में वर्षा जनित हादसों में अब तक 93 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 46 लोग बहने या डूबने, 24 लोग बिजली गिरने और बाकी अन्य हादसों में मारे गए। 51 लोग घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। राज्य में राहत और बचाव कार्यों के लिए SDRF की 57 और NDRF की 7 टीमें तैनात की गई हैं। सभी जिलों में सिविल डिफेंस की टीमें भी सक्रिय हैं। अब तक 792 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर और प्रयागराज होते हुए गुजर रही है। साथ ही, राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके कारण अगले तीन दिनों तक राज्य में भारी वर्षा का दौर जारी रहेगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!